नारायणपुर

नगरपालिका क्षेत्र की राशन सोसायटियों पर ताले, मावली मेला से पहले गरीबों की थाली खाली होने का खतरा

पार्षद जय वट्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दो दिन में वितरण बहाल करने की मांग

नारायणपुर | 6 फरवरी 2026। नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत उचित मूल्य दुकानों (सोसायटियों) में चावल वितरण ठप होने का मामला सामने आने के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है।
नगर पालिका वार्ड क्रमांक-01 के पार्षद जय वट्टी ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बंद पड़ी सोसायटियों को तत्काल खोलने और पात्र परिवारों को चावल वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मावली माता मेले जैसे बड़े आयोजन से पहले राशन व्यवस्था ठप होना आमजन, विशेषकर मध्यम वर्ग और गरीबी रेखा के अंतर्गत जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए चिंता का विषय है।

पार्षद जय वट्टी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि नगरपालिका क्षेत्र की अधिकांश उचित मूल्य दुकानों पर ताले लटके हुए हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को निर्धारित समय पर राशन नहीं मिल पा रहा। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में परिवार चावल वितरण पर निर्भर हैं और वर्तमान व्यवस्था के कारण उन्हें दैनिक जरूरतों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मावली मेला जैसे आयोजनों के दौरान बाहर से रिश्तेदारों का आना-जाना बढ़ता है, ऐसे समय में राशन आपूर्ति बाधित होना आम जनता की परेशानी को और बढ़ा देता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जब सोसायटी प्रबंधकों से जानकारी ली जाती है, तो कभी मशीन खराब होने तो कभी विभागीय समस्याओं का हवाला देकर वितरण टाल दिया जाता है। इससे नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है। पार्षद ने मांग की है कि दो दिनों के भीतर सभी बंद सोसायटियों को खोलकर पात्र हितग्राहियों को चावल वितरण शुरू कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

इधर, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित विभाग से रिपोर्ट मंगाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी या आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं सामने आने पर त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय पर राशन न मिलने से उन्हें बाजार से महंगे दामों पर अनाज खरीदना पड़ रहा है। कई वार्डों में लोग वितरण बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी हो और सोसायटियों के संचालन में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page