नारायणपुर

VB-G RAM G से गांव-गरीब-किसान को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

125 दिन का सुनिश्चित रोजगार, 7 दिन में मजदूरी भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल

नारायणपुर। ग्रामीण भारत को आर्थिक सुरक्षा और स्वावलंबन की नई दिशा देने के उद्देश्य से शुरू की गई Viksit Bharat Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin) यानी VB-G RAM G योजना को लेकर जिला भाजपा कार्यालय, नारायणपुर में जन-जागरण अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों और इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया ने कहा कि VB-G RAM G केवल रोजगार उपलब्ध कराने की योजना नहीं है, बल्कि गांव, गरीब, मजदूर और किसान को आत्मनिर्भर बनाने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार की प्राथमिकता यह है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाकर पलायन जैसी समस्याओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

सतीश लाटिया ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और आर्थिक स्थिरता आएगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हित में मजदूरी भुगतान की समय-सीमा को 15 दिन से घटाकर 7 दिन कर दिया गया है और इसे अनिवार्य बनाया गया है। समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति का भी प्रावधान किया गया है, जिससे श्रमिकों का भरोसा मजबूत होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तरलता बनी रहेगी।

किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रावधानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बुआई और कटाई के मौसम में 60 दिनों तक कार्य स्थगन का प्रावधान रखा गया है, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों और किसानों को आवश्यक श्रमिक मिल सकें। इससे कृषि उत्पादन के साथ-साथ ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में संतुलन बना रहेगा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन और भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन ने संयुक्त रूप से कहा कि VB-G RAM G योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगी, रोजगार के स्थायी अवसर पैदा करेगी और गांवों से शहरों की ओर होने वाले पलायन पर प्रभावी नियंत्रण लगाएगी। वक्ताओं ने इसे गरीब, मजदूर और किसानों के जीवन स्तर में ठोस सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यशाला का संचालन भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल ने किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने और आमजन को इसके लाभों से अवगत कराने का संकल्प भी दोहराया गया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page