नारायणपुर

कलेक्टर के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, पैसों की मांग

प्रशासन अलर्ट, साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील

नारायणपुर | 29 जनवरी 2026

नारायणपुर जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा कलेक्टर नम्रता जैन के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर आम नागरिकों और शासकीय अधिकारियों से पैसों की मांग किए जाने की कोशिश की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल अलर्ट जारी कर सभी को सतर्क रहने की अपील की है।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार ठग द्वारा मोबाइल नंबर +84 562679691 के माध्यम से कलेक्टर के नाम और प्रोफाइल का दुरुपयोग कर संदेश भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग की जा रही है। ठगी के लिए जिस बैंक खाते का विवरण साझा किया जा रहा है, उसमें खाताधारक का नाम मो. शवीर, खाता नंबर 27110100044055 तथा IFSC कोड BARBOBLYHAR बताया गया है।

कलेक्टर ने नहीं मांगे किसी से पैसे

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा किसी भी व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से पैसे मांगने का कोई मामला नहीं है। यह पूरी तरह से साइबर ठगी की कोशिश है। ऐसे फर्जी मैसेज और कॉल के झांसे में न आने की सख्त हिदायत दी गई है।

लेन-देन न करें, तुरंत सूचना दें

प्रशासन ने आमजन, जनप्रतिनिधियों और शासकीय अधिकारियों से अपील की है कि यदि इस प्रकार का कोई भी कॉल या व्हाट्सएप संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें। साथ ही इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सतर्कता ही बचाव

जिला प्रशासन ने कहा है कि साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम और पद का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। प्रशासन ने इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठगी का शिकार न हो।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page