नारायणपुर

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नारायणपुर में जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालयीन स्वीप प्रतियोगिताएं आयोजित

युवाओं ने संभाली लोकतंत्र की कमान

नारायणपुर | 24 जनवरी 2026

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता जैन के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत अग्रणी शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में शनिवार को जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालयीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य एस. आर. कुंजाम ने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करती हैं और उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भाषण, क्विज एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में कु. रेशमा सोनानी ने प्रथम, ग्रेसी मंडावी ने द्वितीय तथा सुकपाल नाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में कमलेश मांझी प्रथम, कैलाश कुमार यादव द्वितीय एवं वीरांगना रमोतीन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर की कु. मधु नरवास ने तृतीय स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में कु. तृप्ति साहू प्रथम, शिवानी कचलाम द्वितीय एवं कु. सुषमा नेताम तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को आगामी चुनावों में अनिवार्य रूप से मतदान करने और अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। समापन अवसर पर सभी को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।

आयोजन को सफल बनाने में अग्रणी महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एस. आर. कुंजाम का विशेष मार्गदर्शन रहा। स्वीप सहयोग कार्यक्रम प्रभारी मीनाक्षी ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कन्या महाविद्यालय के प्रभारी बी. डी. चांडक सहित डंकेश्वर बर्मन, विपिन कुमार, होमेंद्र एवं कुरसो पोयम के सहयोग से छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता सुनिश्चित हो सकी। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार राव ने किया, जबकि स्वीप नोडल अधिकारी चांडक ने समापन पर धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page