मकसोली में घर-घर पहुँचा राशन, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
अब 12–15 किमी पैदल चलने की मजबूरी खत्म, प्रशासन की पहल से अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा लाभ

नारायणपुर | प्रतिनिधि
नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखण्ड अंतर्गत दुर्गम एवं अंदरूनी ग्राम मकसोली में जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल से राशनकार्डधारी हितग्राहियों को घर पहुँच राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश और सार्थक प्रयासों से शुरू की गई इस व्यवस्था से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

अब तक ग्राम मकसोली के ग्रामीणों को शासकीय राशन प्राप्त करने के लिए 12 से 15 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता था, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह मानवीय कदम उठाया, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर पर बसे नागरिकों तक पहुँच सके।
घर-घर राशन वितरण की इस व्यवस्था के तहत निर्धारित तिथि को ग्राम में अस्थायी वितरण केंद्र बनाकर पारदर्शी ढंग से राशन सामग्री का वितरण किया गया। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में वजन मशीन के माध्यम से अनाज तौला गया, जिससे ग्रामीणों को निर्धारित मात्रा में राशन प्राप्त हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहल उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है। अब उन्हें राशन के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और समय व श्रम दोनों की बचत होगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर नम्रता जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में घर तक पहुँचा है।
कलेक्टर नम्रता जैन के नेतृत्व में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं से वंचित न रहे। प्रशासन की यह जनहितैषी पहल दूरस्थ अंचलों में सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बन रही है।
मकसोली गांव में घर-घर राशन वितरण के दौरान हितग्राहियों को तौलकर अनाज देते प्रशासनिक कर्मचारी। दूसरी तस्वीर में अस्थायी वितरण केंद्र पर राशन की बोरियां और बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीण, जो प्रशासन की इस पहल से लाभान्वित होते नजर आ रहे हैं।




