जनदर्शन में कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनी आमजनों की समस्याएं
समयबद्ध निराकरण का दिलाया भरोसा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नारायणपुर, 06 जनवरी 2026। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीणों द्वारा पेयजल, बिजली, धान पंजीयन, निर्माण कार्यों का भुगतान, आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, कृषि व वन अधिकार, सड़क–पुलिया निर्माण, शिक्षा, सामाजिक योजनाओं, सब्सिडी, अतिक्रमण हटाने, भूमि आबंटन, लंबित बिल भुगतान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान डुमरतराई निवासी हेमंत पात्र ने हाई स्कूल खड़ीबहार में नलकूप पर पावर पंप स्थापना, ग्राम माहका के सियाराम ने धान पंजीयन में त्रुटि सुधार, ग्राम धौड़ाई के संतुराम सलाम ने विद्युत पोल आपूर्ति, रॉय कंस्ट्रक्शन ने छात्रावास भवन निर्माण के अंतिम भुगतान, ग्राम खड़ीबहार की धनेश्वरी कोरटिया ने आर्थिक सहायता, ग्राम कनेरा के मेहत्तर कुमेटी ने धान बिक्री टोकन जारी कराने, नारायणपुर के हुसैन खान ने पंचायत निर्माण कार्य भुगतान, ग्राम कोडलियर के रामु वड्डा ने नक्सल पीड़ित परिवार हेतु अनुकंपा सहायता सहित अन्य आवेदनों पर ध्यान आकृष्ट कराया।
इसी तरह ग्राम सिरपुर के अमर सिंह शोरी ने अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर ने विद्युत वाहन सब्सिडी, श्रीकांत सिंह ने शौचालय सह स्नानागार निर्माण भुगतान, बालसिंह गावड़े ने उच्चत्तर शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता, एकता समाज ने कब्रिस्तान एवं सामुदायिक भवन के लिए भूमि आबंटन, छबिलाल ने निजी भूमि से अतिक्रमण हटाने, विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने पुलिया, सड़क, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्वीकृति से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत ताड़ोपाल, सुलेंगा, बोरण्ड, दुग्गाबेंगाल, छोटेडोंगर, गरांजी सहित अन्य क्षेत्रों से तालाब गहरीकरण, सौंदर्यीकरण, सड़क मरम्मत, एकल विद्युत कनेक्शन, आदर्श एकलव्य विद्यालय भवन निर्माण, कास्त भूमि को वन अधिकार पट्टा, बेदखली प्रकरण, सेवानिवृत्त शिक्षक के लंबित देयकों सहित कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जनदर्शन आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।




