नारायणपुर

जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बखरूपारा से गढ़बेंगाल चौक तक सड़क निर्माण की मांग, एक माह का अल्टीमेटम

नारायणपुर। जिले के प्रवेश द्वार बखरूपारा (एड़का चौक) से गढ़बेंगाल चौक तक अत्यधिक जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़क की मरम्मत एवं स्थायी निर्माण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के तत्वावधान में शनिवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार एड़का चौक पर धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया गया।

सुबह 10 बजे से चले इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आंदोलन के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।


महिलाओं की बड़ी भागीदारी, सड़क पर बैठकर जताया विरोध

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने सड़क की खराब स्थिति के कारण हो रही दैनिक परेशानियों, दुर्घटनाओं और आवागमन की समस्या को लेकर नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मार्ग जिला मुख्यालय का प्रमुख प्रवेश मार्ग होने के बावजूद वर्षों से उपेक्षित है।


एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन

आंदोलन के दौरान एसडीएम नारायणपुर को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से लिखित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि—

  • बखरूपारा (एड़का चौक) से गढ़बेंगाल चौक तक की सड़क तत्काल दुरुस्त की जाए
  • सड़क निर्माण/मरम्मत का कार्य एक माह के भीतर प्रारंभ किया जाए
  • यदि तय समयावधि में कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी

पहले भी दी गई थीं शिकायतें, नहीं हुई कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा मुद्दा है।
पूर्व में भी सड़क की स्थिति को लेकर ज्ञापन, शिकायतें और मौखिक आग्रह किए गए, लेकिन विभाग और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद

चक्काजाम को देखते हुए मौके पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दी चेतावनी

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश दीवान ने कहा कि—

“जिला मुख्यालय की यह सड़क आम जनता के लिए जीवनरेखा है। यदि एक माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page