जर्जर सड़क ने खोली प्रशासन की पोल, शनिवार को चक्काजाम का ऐलान
बखरूपारा–गढ़बेंगाल चौक मार्ग को लेकर कांग्रेस और जनता सड़क पर उतरेंगी

नारायणपुर। बखरूपारा से गढ़बेंगाल चौक तक की अत्यधिक जर्जर सड़क को लेकर एक बार फिर जनआक्रोश फूटने वाला है। सड़क निर्माण को लेकर बार-बार आंदोलन और प्रशासनिक आश्वासनों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे नाराज़ कांग्रेस पार्टी और क्षेत्र की जनता ने शनिवार को एड़का चौक स्थित शिव मंदिर के सामने व्यापक चक्काजाम आंदोलन का ऐलान किया है।

बताया गया कि करीब चार माह पूर्व भी कांग्रेस कमेटी ने नगर बंद कर गढ़बेंगाल चौक में चक्काजाम किया था। उस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त किया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हो सका। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
यह मार्ग अबूझमाड़ जिला मुख्यालय का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के बावजूद वर्षों से उपेक्षित है। सड़क लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाइवे विभाग के बीच अधिकार क्षेत्र की खींचतान में फंसी हुई है, जिससे निर्माण को लेकर कोई स्पष्टता नहीं बन पाई है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इसी मार्ग से मंत्री, सांसद और वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं, फिर भी सड़क का निर्माण न होना शासन-प्रशासन की गंभीर उदासीनता को दर्शाता है। चुनाव पूर्व सड़क नवीनीकरण के वादे भी अब खोखले साबित हो रहे हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने क्षेत्र की आम जनता से आंदोलन में शामिल होकर सड़क निर्माण के लिए दबाव बनाने की अपील की है। चेतावनी दी गई है कि यदि इस बार भी ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




