नगर पालिका में पार्षदों ने बांधा रक्षा सूत्र, कर्मचारियों को दिया सम्मान

नारायणपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नगर पालिका परिषद नारायणपुर में सोमवार को अनोखा नज़ारा देखने को मिला। महिला पार्षदों ने पालिका के अधिकारी, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें सम्मानित किया और पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्षदों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी सम्मान, सुरक्षा और सेवा की भावना का प्रतीक है। नगर पालिका के कर्मचारी और सफाई कर्मी नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में दिन-रात मेहनत करते हैं। उनके साथ यह पर्व मनाना गर्व और कृतज्ञता का अवसर है।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पार्षद रमशीला नाग, संगीता जैन, कृति पोटाई सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने रक्षा सूत्र बांधकर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया और उनके कार्यों की सराहना की।
पालिका अध्यक्ष बघेल ने कहा कि सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की सेवा भावना ही नगर की पहचान है। रक्षाबंधन का यह आयोजन आपसी भाईचारे और सम्मान को और मज़बूत करने का प्रयास है।




