एनएचएम महिला कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को घेरा, मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन

जिला अस्पताल निरीक्षण के दौरान हुई मुलाकात…

नारायणपुर। जिले के एनएचएम महिला कर्मचारियों ने माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी को जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान घेर लिया और अपने 16,000 एनएचएम कर्मचारियों की मांगों को लेकर राखी बांधकर उपहार देने का वचन लिया। मंत्री जी ने कर्मचारियों से कहा कि उनकी कुछ मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
मंत्री जी से सीआर पारदर्शिता को लेकर बात की गई, जिस पर उन्होंने स्पष्ट किया, “सीआर (सर्विस रिपोर्ट) तो जिला कलेक्टर का भी भरा जाता है, लेकिन एनएचएम कर्मचारियों के लिए कुछ बेहतर निर्णय लिया जाएगा।” इसके अलावा, जब नियमितिकरण की मांग उठाई गई, तो मंत्री महोदय ने कहा, “हम आपकी सभी मांगों को पूरी नहीं कर सकते, लेकिन कुछ मुद्दों पर सहमति बन सकती है।”
जब कुछ महिला कर्मचारियों ने यह सवाल उठाया कि आज मंत्री जी के साथ इतनी बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी हैं, तो हमारी सभी मांगें पूरी होनी चाहिए, तो मंत्री जी ने आश्वासन दिया कि “अभी एनएचएम में और भर्ती की जाएगी और कर्मचारियों के हित में हम सकारात्मक कदम उठाएंगे।”
इस दौरान मंत्री जी को 10 सूत्री मांगों का कार्ड सौंपा गया, जिसे उन्होंने खुद मांगा और ध्यानपूर्वक पढ़ा। इसके साथ ही जिले के समस्त एनएचएम कर्मचारियों की ओर से एक ज्ञापन भी मंत्री जी को सौंपा गया। कर्मचारियों ने अपनी जायज़ मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की उम्मीद जताई।




