स्वामी विवेकानंद अंडर-20 फुटबॉल चैंपियनशिप 2025
साई ने ओडिशा को 3-0 से, गोवा ने असम को 2-1 से दी मात
नारायणपुर, 20 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्राउंड में चल रही स्वामी विवेकानंद अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को दो मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
पहले मैच में साई की धमाकेदार जीत, ग्रुप में टॉप पर कायम
सुबह 7.30 बजे से खेले गए पहले मुकाबले में साई (SAI) ने ओडिशा को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और ग्रुप में शीर्ष स्थान बनाए रखा।
मैच की शुरुआत से ही साई का दबदबा दिखा। चौथे मिनट में धनुष रमेश ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहला हाफ 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में 60वें मिनट पर एन. मोरम्बा सिंह और 90वें मिनट पर अनाज एम ने गोल कर साई की जीत सुनिश्चित की।
राजकुमार सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरे मैच में गोवा ने असम को दी मात
दोपहर में खेले गए दूसरे मुकाबले में गोवा ने असम को 2-1 से पराजित किया।
17वें मिनट में गोवा के सेरेनो नोरोन्हा ने पेनाल्टी किक के जरिए पहला गोल किया। असम ने 41वें मिनट में जवाबी गोल कर स्कोर बराबर किया।
हालांकि, 55वें मिनट पर गोवा ने एक और गोल दागते हुए जीत को अपने नाम किया।
आगामी मुकाबले (21 अप्रैल 2025, सोमवार)
- सुबह 7.30 बजे: हरियाणा बनाम मध्यप्रदेश
- शाम 4.15 बजे: नागालैंड बनाम पश्चिम बंगाल