बालक उमावि में विदाई समारोह: नए सपनों की उड़ान के साथ विद्यार्थियों ने लिया आशीर्वाद

बालक उमावि में विदाई समारोह: नए सपनों की उड़ान के साथ विद्यार्थियों ने लिया आशीर्वाद…
नारायणपुर, 25 फरवरी 2025:
बालक उमावि में कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकारगण अनूप भट्टाचार्य, हेमंत संचेती और विशाल चौहान उपस्थित थे। विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विदाई समारोह में विद्यालय के छात्रों ने नृत्य, गीत, नाटक और कविताओं के माध्यम से अपने विद्यालय जीवन की यादें ताजा कीं। कक्षा 11वीं के छात्रों ने अपने वरिष्ठ साथियों को विशेष नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर यादगार विदाई दी। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने अनुभवों को साझा किया और शिक्षकों द्वारा दी गई प्रेरणा और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को जीवन में मेहनत, ईमानदारी और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए महत्त्वपूर्ण सुझाव दिए। विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने छात्रों को सफलता के मंत्र दिए और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथियों ने भी अपने संबोधन में छात्रों को सतत प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व को समझाया और उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। अंत में, कक्षा 11वीं के छात्रों ने स्मृति-चिह्न भेंट कर कक्षा 12वीं के छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।




