कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, शीघ्र समाधान का दिया भरोसा

नारायणपुर, 25 नवम्बर 2024 – कलेक्टर बिपिन मांझी ने आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीणों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया, जिनमें ग्राम कोलियाभाटा और करलखा के निवासियों ने जमीन का पट्टा देने, ग्राम बेनूर की सविता पटेल ने आर्थिक सहायता की मांग की, वहीं नारायणपुर के स्व सहायता समूह की प्रभा ने मध्यान भोजन योजना की राशि बढ़ाने का अनुरोध किया।
ग्राम दुग्गाबेंगाल में नए बाजार के निर्माण, ग्राम ब्रेहबेड़ा में प्राथमिक शाला भवन और आंगनबाड़ी केन्द्र भवन की स्वीकृति की मांग, और ग्राम करलखा में शासकीय नलकूप में बिजली कनेक्शन स्थापित करने के आवेदन भी कलेक्टर के पास आए।
कलेक्टर ने इन सभी मुद्दों पर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्रामीणों को कलेक्टर द्वारा त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।




