नारायणपुर

बस्तर ओलंपिक 2024 का समापन, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

नारायणपुर, 24 नवंबर 2024 बस्तर संभाग में खेल और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2024 के जिला स्तरीय समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जीत की शुभकामनाएं दी।

समारोह में विजय शर्मा ने कहा, “पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।” उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल के क्षेत्र में अपनी मेहनत और संघर्ष को जारी रखें और राज्य स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य बनाएं। शर्मा ने कहा, “यह आयोजन बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने के साथ-साथ युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।”

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने बस्तर को विकसित और शांत प्रदेश बनाने के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने नारायणपुर और ओरछा में 50-50 लाख रुपये से खेल मैदान निर्माण की बात कही। साथ ही, बस्तर संभाग को माओवादी मुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए 31 मार्च 2026 तक इस लक्ष्य को पूरा करने की बात कही।

कार्यक्रम में बस्तर ओलंपिक के विभिन्न खेलों जैसे एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कराटे, तीरंदाजी, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, और रस्साकसी में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो, ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और गणवेश प्रदान किए गए।

कलेक्टर बिपिन मांझी ने इस आयोजन को क्षेत्र के विकास और संस्कृति के समावेशी उत्थान का आदर्श उदाहरण बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्यापतानंद और सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन, एसडीएम अभयजीत मंडावी, खेल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page