नारायणपुर
नारायणपुर: शासकीय स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय में जनजाति समाज पर कार्यशाला आयोजित

नारायणपुर 26 अक्टूबर 2024// शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में “जनजाति समाज का गौरवशाली अतीत-ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदार समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार मेश्राम रहे। मुख्य वक्ता के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता यज्ञ सिंह ने जनजाति समाज के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजाति समाज ने हमेशा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और स्वतंत्रता संग्राम में भी उनके जननायकों का बड़ा योगदान रहा है।
यज्ञ सिंह ने जनजातियों के जीवन और संस्कृति को समृद्ध बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें जनजाति समाज की जीवनशैली और मूल्यों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम में रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। धन्यवाद ज्ञापन IQAC प्रभारी आर.के. यादव ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.आर. कुंजाम, डॉक्टर सुमित श्रीवास्तव, विकासचंद, संदीप पटेल, सहायक प्राध्यापक संतोष कुमार राव, अतिथि व्याख्याता प्रदीप कुमार सलाम और डॉ. मीनाक्षी ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।




