नारायणपुर

बस्तर में बदली सोच, विकास की राह पर लौटे युवा

पुनर्वास केंद्र पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप, हिंसा छोड़ चुके युवाओं से सीधा संवाद; सिंचाई, रोजगार, प्रशिक्षण और शासकीय सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

नारायणपुर, 27 जून। बस्तर में शांति और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। नक्सल हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़े पुनर्वासित युवाओं के बीच शनिवार शाम उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने युवाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र युवक-युवती तक पहुंचाने और गांवों के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हिंसा का मार्ग छोड़ चुके प्रत्येक युवक-युवती को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की जानकारी ली और अधिकारियों को किसी भी पात्र हितग्राही को योजनाओं से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

संवाद के दौरान उन्होंने पुनर्वासित युवाओं से जेल में बंद अपने पूर्व साथियों से मुलाकात कर उन्हें भी पुनर्वास योजना का लाभ लेने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्तर की तरक्की का रास्ता बंदूक नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, कृषि और विकास से होकर गुजरता है।

खेतों तक पहुंचेगी सिंचाई, मौके पर दिए निर्देश

युवाओं ने खेती के लिए सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कर उनके खेतों में बोर और अन्य सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कृषि उनकी स्थायी आजीविका का आधार बन सके।

महिलाओं की पहल बनी प्रेरणा

पुनर्वास केंद्र में महिलाओं द्वारा मोटर वाहन चलाने का प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उप मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बदलते बस्तर और नए आत्मविश्वास की सकारात्मक तस्वीर है।

भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पेसा अधिनियम को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज ने हमेशा बस्तर के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़े युवा शांति और समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। सभी को मिलकर विकास, विश्वास और भाईचारे के साथ नए बस्तर का निर्माण करना होगा।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कलेक्टर कांकेर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page