नारायणपुर

भाजपा सत्ता नहीं, सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम : केदार कश्यप

नारायणपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, वैचारिक ऊर्जा और संगठनात्मक उत्साह से गूंजा परिसर

भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार और राष्ट्रसेवा के संकल्प पर केंद्रित रहे विभिन्न सत्र

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जिला स्तरीय दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को नारायणपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर सभागार में गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में वैचारिक ऊर्जा, संगठनात्मक अनुशासन और राष्ट्रवादी वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकर्ताओं के पंजीयन से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण एवं विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में योगदान और जनकल्याणकारी कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिले के दिवंगत कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी प्रदर्शनी में लगाई गई थीं। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके त्याग, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

प्रदर्शनी में नारायणपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों, पर्यटन स्थलों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की झलक भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रशिक्षण स्थल को राष्ट्रवादी संदेशों, प्रेरणादायी विचारों और संगठनात्मक चित्रों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर संबोधित करते हुए भाजपा की गौरवशाली यात्रा, संगठन के संघर्ष और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक सत्ता प्राप्त करने का मंच नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्रवाद और अंत्योदय की भावना से कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने “प्रशिक्षण वर्ग का महत्व” विषय पर कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग संगठन को नई दिशा देने के साथ कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं।

द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा भाव से प्रेरित संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करता है और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व निभाता है।

जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष किरण नरेटी ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी मनोज जैन ने “कार्यविस्तार” विषय पर संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियान की रणनीतियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

वहीं जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय ने व्यवहारिक सत्र में संगठनात्मक अनुशासन, व्यवहार कुशलता और टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की पहचान बनता है और समाज के बीच सकारात्मक संवाद संगठन को मजबूत करता है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, भाजपा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य गौतम गोलछा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, पंकज जैन, जयप्रकाश शर्मा, संजय नंदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page