शहीदों की स्मृति में हरियाली का संकल्प
पुलिस लाइन में वन मंत्री केदार कश्यप ने किया पौधारोपण, हरियाली रथ व पुलिस बस को दिखाई हरी झंडी; बोले- हर पौधा शहीदों के बलिदान का जीवंत स्मारक

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। शहीदों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया गया। प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, संसदीय कार्य एवं परिवहन मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने शहीदों के नाम पर पौधा लगाकर हरित नारायणपुर के संकल्प को नई मजबूती दी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने हरियाली रथ एवं पुलिस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए जिले को हराभरा बनाने का आह्वान किया।
हरियाली रथ से गांव-गांव पहुंचेगा हरित संदेश
कार्यक्रम के पश्चात वन मंत्री केदार कश्यप ने हरियाली रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिलेभर में पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाएगा। साथ ही विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के उद्देश्य से पुलिस बस को भी रवाना किया गया।
‘हर पौधा शहीदों के बलिदान का प्रतीक’
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सके।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की पहल
शहीदों की स्मृति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरियाली रथ के माध्यम से जिले में पौधारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास आने वाले समय में हरित नारायणपुर अभियान को नई गति दे सकता है।




