उपजेल नारायणपुर में न्यायिक टीम का निरीक्षण
बंदियों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी, लंबित प्रकरणों और अधिवक्ता नियुक्ति संबंधी समस्याओं का हुआ निराकरण

नारायणपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के निर्देश पर गुरुवार को उपजेल नारायणपुर में विधिक साक्षरता शिविर एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला अपर सत्र न्यायाधीश नारायणपुर जितेंद्र कुमार ठाकुर एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती बरखा रानी वर्मा ने उपजेल का निरीक्षण कर बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार ठाकुर ने बंदियों को बताया कि उनके प्रकरणों में अभियोजन साक्षियों को समंस जारी किए जा रहे हैं तथा न्यायिक कार्यवाही में अधिवक्ता नियुक्ति से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया गया है। उन्होंने बंदियों को न्यायालयीन प्रक्रिया में सहयोग करने एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
न्यायिक अधिकारियों ने उपजेल के बैरक, पाकशाला, भंडार गृह, स्नानगृह सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान बंदियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
विधिक साक्षरता शिविर में रिटेनर अधिवक्ता चंद्र प्रकाश कश्यप ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए अपने प्रकरणों में मुफ्त अधिवक्ता नियुक्त कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित मामलों की सुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने पर न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया जा सकता है। साथ ही जमानती वारंट और गैर-जमानती वारंट की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपजेल अधीक्षक संजय नायक, अधिकार मित्र घासीराम नेताम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपजेल में कुल 122 बंदी उपस्थित रहे।




