अदनार के जंगल में मिला नक्सलियों का पुराना हथियार डंप
सुरक्षा बलों की सघन सर्चिंग में 10 राइफल, 2 बीजीएल, 13 जिंदा शेल और करीब 2 किलो विस्फोटक बरामद

नारायणपुर। नक्सल गतिविधियों से मुक्त हो चुके नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों का सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 29 अगस्त को नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ग्राम अदनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए पुराने हथियार डंप का पता लगाया। डंप से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल एवं 129वीं वाहिनी बीएसएफ कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा के मार्गदर्शन में जिले के दुर्गम और अंदरूनी इलाकों में संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को अदनार क्षेत्र के जंगलों में संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
जंगल में छिपा था पुराना डंप
सर्चिंग के दौरान ग्राम अदनार के उत्तर-पश्चिम दिशा में जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को संदिग्ध स्थान मिला। तलाशी लेने पर जमीन में छिपाकर रखा गया पुराना डंप बरामद हुआ। इसमें लंबे समय से छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री मिली। बरामद हथियारों की हालत से इनके पुराने होने की बात सामने आई है।
ये सामग्री हुई बरामद
- .303 राइफल — 1
- .315 राइफल — 4
- 12 बोर राइफल — 5
- बैरल ग्रेनेड लॉन्चर — 2
- टेलिस्कोपिक साइट — 1
- जीवित बीजीएल शेल — 13
- 12 बोर कारतूस — 16
- विस्फोटक पदार्थ — करीब 2 किलोग्राम
पुराने डंप की तलाश जारी
नारायणपुर में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बाद भी सुरक्षा बल जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री के डंप तलाशने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र को नक्सल गतिविधियों के अवशेषों से पूरी तरह मुक्त करने के उद्देश्य से सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा।
संयुक्त अभियानों से जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ नक्सलियों के पुराने नेटवर्क और उनके छिपे संसाधनों को खत्म करने में भी सुरक्षा बलों को सफलता मिल रही है।




