हरियाली सावन महोत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
सावन के रंग में रंगा गरियाबंद का प्रेम रतन पैलेस, पार्थिव शिवलिंग पूजन से हुआ शुभारंभ; सावन सुंदरी 2026 रही आकर्षण का केंद्र

गरियाबंद। सावन की हरियाली, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और महिलाओं के उल्लास से गरियाबंद का प्रेम रतन पैलेस गुलजार रहा। भाजपा महिला मोर्चा गरियाबंद के तत्वावधान में आयोजित ‘हरियाली सावन महोत्सव’ में भक्ति, परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित अतिथियों ने पार्थिव शिवलिंग पूजन के साथ वैदिक रीति-रिवाज से की। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की आराधना के दौरान माहौल भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की।
हरे रंग में सजीं महिलाएं, छत्तीसगढ़ी परंपरा ने बांधा समां
महोत्सव में शामिल महिलाएं हरी साड़ियों और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में पहुंचीं। पारंपरिक साज-श्रृंगार से सजी महिलाओं ने आयोजन को सावन के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ की धुन पर महिलाओं ने प्रस्तुति दी। इसके बाद पारंपरिक सुवा नृत्य ने आयोजन में लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। लोकगीत और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया गया।
‘सावन सुंदरी 2026’ ने खींचा ध्यान
महोत्सव में आयोजित ‘सावन सुंदरी 2026’ प्रतियोगिता महिलाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों का चयन छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा, आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
इसके अलावा खुर्सी दौड़ (म्यूजिकल चेयर), बलून गेम सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी हुईं। महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और आयोजन स्थल पर उल्लास का माहौल बना रहा।
सावन गीतों पर थिरके कदम, प्रतिभाओं को मिला सम्मान
सावन गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक गीत-संगीत के बीच महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
महिला एकजुटता और लोक संस्कृति को मिला मंच
कार्यक्रम केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को सहेजने का मंच भी बना। सावन के अवसर पर महिलाओं को एकजुट कर आपसी संवाद, सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विभा अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा उपस्थित रहीं। विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर तथा जितेंद्र (राजू) सोनकर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा सविता चंद्राकर की भी उपस्थिति रही।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं की सहभागिता से आयोजन भक्ति, संस्कृति, परंपरा और उल्लास का संगम बन गया।




