सेन समाज सनातन परंपरा की मजबूत कड़ी, केश शिल्पियों के कल्याण को सरकार प्रतिबद्ध : साय
सेन शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं—नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन महाराज के नाम पर चौक, सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए; प्रशिक्षित युवाओं को बांटे किट

रायपुर। सेन समाज को सनातन परंपराओं, सामाजिक समरसता और संस्कारों की मजबूत कड़ी बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह समाज सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक विभिन्न संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि सेन समाज केवल पारंपरिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मेहनत, हुनर और सामाजिक योगदान से समाज के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है।

मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सेन समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की घोषणा भी की।

नया रायपुर में संत सेन महाराज के नाम पर होगा चौक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में चौक का नामकरण किया जाएगा। इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने सेन समाज के विकास और कल्याण से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का इस समाज से होना पूरे सेन समाज के लिए गौरव की बात है।
कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आगे बढ़ा रहा समाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर वंचित वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के संघर्ष के प्रतीक रहे हैं। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुनर और श्रम को सम्मान देने की भावना मजबूत हुई है।
साय ने छत्तीसगढ़ के विधायक रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन के सामाजिक एवं प्रदेश के विकास में योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड को युवा नेतृत्व मिला है और गौरी शंकर श्रीवास के नेतृत्व में सेन समाज को आगे बढ़ाने का काम तेजी से होगा।
केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज के कल्याण के लिए केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ था। पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए उस समय कई योजनाएं शुरू की गईं। सैलून संचालन के लिए सेन समाज के लोगों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट देने जैसी पहल इसी दिशा में की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सेन समाज की आवश्यकताओं और मांगों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
‘मोदी की गारंटी’ के वादे पूरे करने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने का काम तेजी से किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन करीब 1500 से 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है।
किसानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिए जाने की बात उन्होंने कही।
70 लाख महिलाओं को हर माह मिल रहा 1000 रुपए
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपए की राशि अंतरित की जा रही है। उनके अनुसार ढाई वर्षों में योजना के तहत 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
रामलला के दर्शन, बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा
साय ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुन: शुरू किया गया है। इसके तहत बुजुर्गों को सरकार के खर्च पर विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने की बात कही गई।
भूमिहीन मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि और चरण पादुका योजना को फिर शुरू किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। पुलिस, बिजली और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर दिए गए हैं। शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। नई उद्योग नीति के माध्यम से करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
घर की छत पर सोलर, 80 हजार घरों में सिस्टम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें करीब 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आने की बात उन्होंने कही। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की।
700 से अधिक सेवाएं घर बैठे
साय ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सेवा सेतु शुरू किया गया है। इसके माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक मोबाइल के माध्यम से घर बैठे जाति, आय और निवास सहित विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।
1076 पर दर्ज करा सकेंगे शिकायत
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार, इंजीनियर और थाना प्रभारी से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए एल-1 से एल-4 तक की व्यवस्था बनाई गई है।
डॉ. रमन बोले- संघर्ष का दूसरा नाम गौरीशंकर
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेन समाज के लिए गौरीशंकर श्रीवास का चयन कर सही निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष का दूसरा नाम गौरीशंकर श्रीवास है। वे लगातार समाज के लिए काम कर रहे हैं।
डॉ. रमन सिंह ने विधायक रिकेश सेन द्वारा विधानसभा में सेन समाज से जुड़े विषयों को सक्रियता से उठाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से गांव और सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के विभिन्न संस्कारों में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कौशल विकास से युवाओं को मिलेंगे अवसर
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सेन समाज के कौशल विकास के लिए कौशल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से नए ट्रेड और प्रशिक्षण जोड़ने के सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि युवाओं को अधिक अवसर मिल सकें।
‘आज का दिन ऐतिहासिक’
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि सेन समाज के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन कर इसे सेन समाज को समर्पित किया था और अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बोर्ड को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कोरोना काल में सेन समाज के लोगों द्वारा की गई सेवा का उल्लेख करते हुए समाज के उत्थान और कल्याण से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रशिक्षित युवाओं को बांटे किट
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित सेन समाज के युवाओं को किट का वितरण किया। इससे पारंपरिक कौशल को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास को बल मिलने की बात कही गई।
बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, रजककार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कर्पूरी ठाकुर विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रघुवीर श्रीवास, समाज कल्याण संचालक रणबीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।




