घर में घुसा दुर्लभ पैंगोलिन, वन विभाग ने सुरक्षित बचाकर जंगल में छोड़ा
वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर त्वरित रेस्क्यू अभियान | शेड्यूल-1 की संरक्षित प्रजाति को सुरक्षित आरक्षित वन में छोड़ा, ग्रामीणों से वन्यजीवों की सूचना देने की अपील

रायपुर/मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला तहसील अंतर्गत ग्राम कुंजंटोला में एक दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यप्राणी पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन मंत्री केदार कश्यप की पहल और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के अनुरूप की गई इस कार्रवाई को वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम कुंजंटोला निवासी जयंत कुमार के घर में पैंगोलिन के घुसने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में परिक्षेत्र अधिकारी पंकज पटेल के नेतृत्व में टीम ने सुरक्षित तरीके से पैंगोलिन को पकड़कर निकट के आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। अभियान में डिप्टी रेंजर महेंद्र बघेल एवं शोभित राम यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और प्रशिक्षित टीम की समन्वित कार्रवाई के कारण दुर्लभ वन्यप्राणी की जान बचाई जा सकी। विभाग ने इसे वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनसहभागिता और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का सकारात्मक उदाहरण बताया।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे किसी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग का कहना है कि आमजन के सहयोग और जागरूकता से वन्यजीव संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
शेड्यूल-1 में शामिल है पैंगोलिन
उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत शेड्यूल-1 में शामिल अत्यंत संरक्षित वन्यप्राणी है। इसके संरक्षण को लेकर राज्य सरकार विशेष रूप से प्रतिबद्ध है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग प्रदेशभर में वन्यजीव संरक्षण, त्वरित रेस्क्यू अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों को लगातार गति दे रहा है।




