बीजापुर के तेंदूपत्ते ने रचा इतिहास: नीलामी में वर्षों का सर्वाधिक मूल्य, संग्राहकों की मेहनत रंग लाई
नई तेंदूपत्ता नीति, गुणवत्तापूर्ण संग्रहण और पारदर्शी नीलामी से मिला रिकॉर्ड भाव; वन मंत्री केदार कश्यप ने संग्राहकों, सहकारी समितियों और वन विभाग को दी बधाई

बीजापुर। बीजापुर जिले ने तेंदूपत्ता नीलामी में वर्षों का सबसे बड़ा कीर्तिमान स्थापित करते हुए नया इतिहास रच दिया है। जिले में तेंदूपत्ता की नीलामी को रिकॉर्ड मूल्य मिलने पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तेंदूपत्ता संग्राहकों, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों तथा वन विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने इसे वनाधारित आजीविका को सशक्त बनाने और वनवासी परिवारों की आर्थिक समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बीजापुर जिला यूनियन की 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से 45 तेंदूपत्ता लॉटों का विभागीय संग्रहण किया गया। इनमें 36 लॉटों पर प्रतिस्पर्धात्मक निविदाएं प्राप्त हुईं, जिससे नीलामी में वर्षों का सर्वाधिक मूल्य हासिल हुआ।
उन्होंने बताया कि 4 लॉटों को प्रति मानक बोरा 10 हजार रुपये से अधिक, 8 लॉटों को 9 हजार रुपये से अधिक, 4 लॉटों को 8 हजार रुपये, 10 लॉटों को 7 हजार रुपये से अधिक तथा शेष लॉटों को भी बेहतर दरें प्राप्त हुईं। इसे बीजापुर जिले की अब तक की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में माना जा रहा है।
गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी सफलता की कुंजी
वन मंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण की गुणवत्ता, वैज्ञानिक उपचार, सुव्यवस्थित भंडारण और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था के कारण यह ऐतिहासिक सफलता मिली है। इसका सीधा लाभ हजारों तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को मिलेगा। उन्हें बेहतर मूल्य के साथ-साथ बोनस के रूप में भी अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि बीजापुर ने यह साबित कर दिया है कि सामूहिक प्रयास, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली और पारदर्शी व्यवस्था के बल पर वनाधारित अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
सभी हितधारकों को दी बधाई
मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर जिला यूनियन की सभी 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों, तेंदूपत्ता संग्राहकों, स्थानीय ग्रामीणों, समिति पदाधिकारियों तथा वन विभाग के मैदानी अमले को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी बीजापुर तेंदूपत्ता संग्रहण और नीलामी में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उन्होंने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला यूनियन बीजापुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के पदाधिकारियों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से यह सफलता संभव हो सकी।
एक नजर में
- बीजापुर में तेंदूपत्ता नीलामी का वर्षों का सर्वाधिक रिकॉर्ड मूल्य
- 28 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों ने किया संग्रहण
- 45 लॉटों में से 36 पर मिली प्रतिस्पर्धात्मक निविदाएं
- 4 लॉटों को ₹10 हजार प्रति मानक बोरा से अधिक का भाव
- हजारों संग्राहक परिवारों को मिलेगा बेहतर आर्थिक लाभ व बोनस
- वन मंत्री केदार कश्यप ने सभी संग्राहकों और वन विभाग को दी बधाई



