बीजापुर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार
सुरक्षा बलों ने डंप से 65.52 लाख नकद, एलएमजी-एसएलआर समेत 32 हथियार किए बरामद

जंगलों में छिपे बंकरों का खुलासा, विस्फोटक सामग्री और सैकड़ों कारतूस जब्त; नक्सलियों की सप्लाई व IED नेटवर्क को बड़ा झटका
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के हथियार और विस्फोटक डंप का भंडाफोड़ किया है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जिले के सुदूर जंगलों में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के पुराने ठिकानों और छिपाकर बनाए गए बंकरों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि बीते एक माह से अतिसंवेदनशील इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन और सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाए गए डंपों की जानकारी मिली, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन और .303 रायफल सहित कुल 32 हथियार जब्त किए गए हैं। बरामद हथियारों में 1 एलएमजी रायफल, 4 एसएलआर रायफल, 1 कार्बाइन, 5 .303 रायफल, 1 .315 रायफल, 5 सिंगल शॉट गन, 4 बारह बोर बंदूकें, 7 बीजीएल लॉन्चर और 1 पिस्टल शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने AK-47, एसएलआर, .303, .315 और पिस्टल के सैकड़ों जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल, एलएमजी बैरल, मैग्जीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। वहीं पूर्व में बरामद लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया गया।
एसपी डॉ. यादव ने कहा कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
2024 से अब तक बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक जिले में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 234 माओवादी मारे गए, जबकि 1192 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं और 1003 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इसी अवधि में 517 हथियार, 1092 आईईडी और कुल 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। इसमें 7.28 करोड़ रुपये नकद और 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 12.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस और सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




