नारायणपुर

राहुल गांधी से कथित धक्का-मुक्की के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, नारायणपुर में फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

दिल्ली की घटना के विरोध में जिला एवं शहर कांग्रेस ने जताया आक्रोश, पेपर लीक और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

नारायणपुर। दिल्ली में कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ कथित धक्का-मुक्की और गिरफ्तारी की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने नारायणपुर में प्रदर्शन किया। तहसील कार्यालय के सामने आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संसद से लेकर सड़कों तक विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर युवाओं की चिंताओं को राहुल गांधी प्रमुखता से उठा रहे हैं। इसी मुद्दे पर प्रधानमंत्री आवास के घेराव के दौरान कांग्रेस नेताओं और सांसदों के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि विपक्ष का दायित्व जनता के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाना है और युवाओं के हितों से जुड़े विषयों पर आवाज उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि राहुल गांधी के साथ पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, लेकिन वे जनता के मुद्दों पर पीछे नहीं हटे।

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, पेपर लीक के मामलों और विपक्ष के साथ हुए व्यवहार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में पीसीसी सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गजा पटेल, ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष माधेश्वर जैन, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष मैनु कुमेटी, जिला महासचिव (संगठन) शेख तौहीद अहमद, संजय राय, शहर कांग्रेस प्रभारी रवि देवांगन, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, कोषाध्यक्ष वी.पी. शुक्ला, महासचिव शब्बीर बढ़गुजर, राजेश साहू, युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, पूर्व पार्षद बागेश्वरी पटेल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page