अधूरे काम पर कलेक्टर का सख्त वार: पूरा काम, तभी भुगतान
जल जीवन मिशन की समीक्षा में ठेकेदारों को अंतिम चेतावनी, लापरवाही पर ब्लैकलिस्टिंग के निर्देश; 'हर घर जल' लक्ष्य समय पर पूरा करने का अल्टीमेटम

नारायणपुर। जिले में जल जीवन मिशन के अधूरे और धीमी गति से चल रहे कार्यों पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य पूरा किए बिना किसी भी ठेकेदार को भुगतान नहीं मिलेगा, जबकि लगातार लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्रामवार जल जीवन मिशन के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई गांवों में क्रेडा द्वारा सोलर सिस्टम स्थापित नहीं होने से पाइपलाइन नेटवर्क शुरू नहीं हो सका, जबकि कुछ स्थानों पर जल प्रदाय योजनाओं की टेस्टिंग और अन्य तकनीकी कार्य अब भी अधूरे हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण में लाएं तेजी
कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र घर तक नियमित पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामों में ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और सभी योजनाओं को जल्द से जल्द ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए।
काम पूरा, तभी मिलेगा भुगतान
बैठक में कलेक्टर ने दो टूक कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार केवल उन्हीं ठेकेदारों के बिलों का भुगतान किया जाएगा, जिन्होंने अपने आबंटित कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कर संबंधित ग्राम पंचायतों को विधिवत हस्तांतरित किया होगा। अधूरे कार्यों की स्थिति में किसी भी प्रकार का भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लापरवाह ठेकेदारों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज
धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो ठेकेदार लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं कर रहे हैं या कार्यों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, उनके विरुद्ध तत्काल ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. वर्मा, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।




