अबूझमाड़ के विद्यार्थियों की संसद तक गूंज: राष्ट्रीय युवा संसद में छत्तीसगढ़ बना उपविजेता
राजस्थान में आयोजित जोनल प्रतियोगिता में ईएमआरएस छेरीबेड़ा की 53 सदस्यीय टीम ने किया शानदार प्रदर्शन • राष्ट्रीय स्तर के लिए आठ विद्यार्थियों का चयन • अब नई दिल्ली में संसद की कार्यवाही का करेंगे प्रत्यक्ष अवलोकन

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला अबूझमाड़ अब शिक्षा और प्रतिभा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रहा है। राजस्थान के उदयपुर जिले स्थित ईएमआरएस खेरवाड़ा में आयोजित आंचलिक (जोनल) स्तर की राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) छेरीबेड़ा, नारायणपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम उपविजेता रही, जबकि विद्यालय के आठ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण कराने के साथ संसद की कार्यवाही को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिलेगा।

जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन नेशनल एजुकेशन सोसायटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (एनईएसटीएस) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए ईएमआरएस छेरीबेड़ा की 53 सदस्यीय टीम ने संसदीय परंपराओं, तर्कपूर्ण प्रस्तुति और अनुशासित प्रदर्शन से निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश प्रथम तथा छत्तीसगढ़ द्वितीय स्थान पर रहा।
आठ विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जगह
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ईएमआरएस छेरीबेड़ा के आठ विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन किया गया। स्पीकर की भूमिका में हर्षा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। मनसाय और अनुराधा को द्वितीय स्थान मिला, जबकि अंजीला, निकिता, वेदिका, जयबती और शामी ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। चयनित विद्यार्थी अब नई दिल्ली में संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण करेंगे और संसद की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे।
मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का मिला प्रतिफल
विद्यालय की इस उपलब्धि का श्रेय प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन को दिया जा रहा है। वहीं प्रतियोगिता प्रभारी एवं सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अनुप कुमार मौर्य के प्रभावी प्रशिक्षण और सतत परिश्रम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उच्चाधिकारियों के सहयोग से मिली सफलता
प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी ने इस उपलब्धि पर एनईएसटीएस मुख्यालय नई दिल्ली, ईएमआरएस स्टेट सोसायटी सीटीडी रायपुर, कलेक्टर नम्रता जैन तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह सहित सभी अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
तथ्य
- 53 सदस्यीय टीम ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व।
- 3 राज्यों के बीच हुई जोनल राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता।
- छत्तीसगढ़ उपविजेता, मध्य प्रदेश प्रथम स्थान पर।
- 8 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन।
- चयनित विद्यार्थियों को नई दिल्ली संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण और संसद की कार्यवाही देखने का अवसर मिलेगा।



