खेल

माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, 70 से अधिक टीमें मैदान में

800 से ज्यादा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, जिले के चार जोनों में शुरू हुए मुकाबले; पालकी, भिरागांव, भाटपाल, शिरपुर, उमरगांव और कुतुल 'ए' ने जीत से किया अभियान का आगाज

 

नारायणपुर, 12 जुलाई। युवाओं को खेलों के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने की पहल के तहत रविवार से जिले में माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हो गया। पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 70 से अधिक टीमों के 800 से ज्यादा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन नारायणपुर, बेनूर, छोटेडोंगर और कुतुल जोनों में रोमांचक मुकाबले खेले गए।

प्रतियोगिता चारों जोनों में नॉकआउट प्रणाली के तहत आयोजित की जा रही है। प्रत्येक जोन से शीर्ष चार टीमें जिला मुख्यालय में आयोजित राउंड ऑफ-16 के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर होंगे और विजेता टीम को माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का खिताब मिलेगा।

पहले दिन रोमांचक मुकाबले, कई टीमों ने दर्ज की जीत

नारायणपुर जोन के उद्घाटन मुकाबले में पालकी और परिसर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक मुकाबले में पालकी ने 1-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

बेनूर जोन में तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में भिरागांव ने बेनूर को 2-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में शिरपुर ने कोरंडा को 1-0 से पराजित किया, जबकि तीसरे मैच में भाटपाल ने पुषपाल को 1-0 से शिकस्त देकर अगले चरण में जगह बनाई।

छोटेडोंगर जोन में उमरगांव ने पीएमटी ओरछा को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं कुतुल जोन में स्थानीय मुकाबले में कुतुल ‘ए’ ने कुतुल ‘बी’ को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित कर दमदार शुरुआत की।

खेल के साथ सामाजिक सरोकार भी

पुलिस विभाग के अनुसार माड़ मैत्री अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, खेल प्रतिभा को निखारना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। अभियान के तहत समय-समय पर खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और मजबूत बनाया जा सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page