नारायणपुर

मसपुर-गुडरापाल के जंगल में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, हथियारों का जखीरा बरामद

बीएसएफ के सर्च अभियान में मिला छिपा डंप, बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन और 12 बोर राइफल समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

नारायणपुर। नक्सलमुक्त घोषित हो चुके नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों की सतर्कता लगातार रंग ला रही है। मसपुर-गुडरापाल के घने जंगलों में चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान बीएसएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने जंगल के भीतर छिपाकर रखा गया हथियार एवं अन्य सामग्री का डंप बरामद किया है। बरामद सामग्री में बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल गन, 12 बोर राइफल और गोला-बारूद सहित अन्य सामान शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्च अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 16 जून को बीएसएफ की 133वीं वाहिनी की ‘ई’ कंपनी ने कैंप मसपुर से आसपास के वन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।

संदिग्ध स्थान की घेराबंदी कर ली तलाशी

सर्चिंग के दौरान मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में जवानों की नजर एक संदिग्ध स्थान पर पड़ी। क्षेत्र की घेराबंदी कर सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखा गया हथियार एवं अन्य सामग्री का डंप बरामद हुआ। जांच के दौरान उसमें हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री मिलने पर सुरक्षा बलों ने विधिवत उसे जब्त कर लिया।

यह सामग्री हुई बरामद

  • एक देसी बीजीएल लॉन्चर
  • सात बीजीएल गन
  • एक 12 बोर राइफल
  • 12 बोर के 37 राउंड
  • 15 मीटर वायर
  • पांच पोच

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उक्त सामग्री को पूर्व में जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और निरंतर चलाए जा रहे अभियान के चलते इस डंप का पता लग सका।

नक्सलमुक्ति के बाद भी जारी है सघन अभियान

उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2026 को नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद भी पुलिस एवं सुरक्षा बल दूरस्थ वन क्षेत्रों में नियमित सर्च अभियान चला रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटक सामग्रियों और अन्य संसाधनों की बरामदगी सुनिश्चित करना तथा जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना है।

आगे भी जारी रहेगा संयुक्त अभियान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई लगातार की जाती रहेगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page