नारायणपुर

देवगांव पोर्टा केबिन विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, प्रयास में एक और नवोदय में चार विद्यार्थियों का चयन

विशेष कोचिंग और स्मार्ट क्लास का दिखा असर • अधीक्षक रंजीता नाग व शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान

नारायणपुर। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर परिणाम दे रहे पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय, देवगांव ने इस वर्ष भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय के एक छात्र का प्रयास आवासीय विद्यालय में चयन हुआ है, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में भी विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम माना जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, अधीक्षक रंजीता नाग के नेतृत्व में विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराई जाती है। शालेय समय के बाद स्मार्ट क्लास के माध्यम से विशेष कोचिंग संचालित की जाती है, जिससे विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिल रहा है।

2022 से लगातार चल रही विशेष कोचिंग बनी सफलता की आधारशिला

विद्यालय में वर्ष 2022 से शिक्षक खिलेन्द्र देवांगन द्वारा प्रयास आवासीय विद्यालय एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग दी जा रही है। नियमित अभ्यास, विषयवार मार्गदर्शन और अनुशासित अध्ययन व्यवस्था का ही परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है।

नवोदय में भी चार विद्यार्थियों ने लहराया परचम

विद्यालय ने इस वर्ष एक और उपलब्धि दर्ज करते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में भी चार विद्यार्थियों का चयन कराया है। इन विद्यार्थियों को भी अधीक्षक रंजीता नाग के मार्गदर्शन में विशेष ट्यूटर के माध्यम से नियमित कोचिंग उपलब्ध कराई गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।

अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रेरणा

विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रयास आवासीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय तथा अन्य प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में चयनित होकर जिले का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय परिवार ने चयनित छात्र एवं नवोदय में चयनित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अधीक्षक रंजीता नाग, कोच खिलेन्द्र देवांगन तथा समस्त शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना की।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page