नारायणपुर

सुशासन तिहार के आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करें : कलेक्टर नम्रता जैन

समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश, नियद नेल्लानार क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

नारायणपुर। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा सुशासन तिहार के तहत चल रहे शिविरों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने कार्यों में तेजी लाएं और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करें। उन्होंने जनगणना कार्य, सुशासन एक्सप्रेस शिविरों तथा स्कूलों से जुड़े कार्यों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को जनगणना सर्वे की जानकारी समय पर वेबसाइट में अपलोड करने कहा।

बैठक में नियद नेल्लानार क्षेत्र की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों को सड़क, बिजली, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, जाति-निवास प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड एवं बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सुशासन एक्सप्रेस जनचौपाल में आने वाले सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कराने तथा शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सकेगा।

बैठक में स्कूल, आश्रम, छात्रावास एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधूरे एवं क्षतिग्रस्त भवनों का सर्वे कर मरम्मत अथवा नए निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार अंतर्गत जिले में जनसमस्या निवारण एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। नारायणपुर एवं ओरछा विकासखंड की 112 ग्राम पंचायतों में 17 शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं नगरपालिका नारायणपुर के 15 वार्डों में 7 शिविर लगाए जा रहे हैं।

बैठक में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, जॉब कार्ड, पशु टीकाकरण, नशामुक्ति भारत अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं एवं राजस्व प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद सीईओ सुनील कुमार सोनपिपरे, लोकेश चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिलांग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page