माड़ मैत्री अभियान का भव्य आगाज
नक्सल प्रभावित इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने सामुदायिक पुलिसिंग की नई पहल, डायल-112, माड़ मैत्री रथ व बाइक पेट्रोलिंग टीम को दिखाई हरी झंडी

(कैलाश सोनी) नारायणपुर, 11 मई। नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों में विश्वास, संवाद और विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में नारायणपुर पुलिस ने सोमवार को “माड़ मैत्री” अभियान का भव्य शुभारंभ किया। हाईस्कूल ग्राउंड नारायणपुर में सुबह 6 बजे आयोजित कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने वाली इस अभिनव पहल की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य समाज एवं पुलिस के मध्य आपसी समन्वय, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने के साथ-साथ नक्सल उन्मूलन के बाद प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
“विग्रह से विश्वास” की अवधारणा पर आधारित इस अभियान के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण, रोजगार मार्गदर्शन और सामाजिक सहभागिता जैसी विकासोन्मुख गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। नारायणपुर पुलिस का मानना है कि सकारात्मक प्रयासों के जरिए अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं और ग्रामीणों को समाज की मुख्यधारा में शामिल कर विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने “माड़ मैत्री” अभियान की कार्ययोजना, उद्देश्यों एवं विभिन्न वर्टिकल्स की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर विश्वास एवं सहयोग का वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच की दूरी कम करते हुए युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जाएगी तथा विशेष रूप से अंदरूनी एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शिक्षा, खेल, विकास एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘हमर फिट नारायणपुर’ के तहत हुआ सामूहिक जुम्बा
कार्यक्रम के दौरान “हमर फिट नारायणपुर” अभियान के अंतर्गत सामूहिक जुम्बा सत्र का आयोजन भी किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के जरिए फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
डायल-112 और बाइक पेट्रोलिंग टीम को मिली नई जिम्मेदारी
इस अवसर पर अतिथियों ने जिले की सुरक्षा एवं जनसेवा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से डायल-112 वाहन सेवा, माड़ मैत्री रथ तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गठित बाइक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डायल-112 सेवा के माध्यम से दुर्घटना, विवाद, अपराध, महिला सुरक्षा एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं बाइक पेट्रोलिंग टीम शहर के भीतरी इलाकों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर त्वरित निगरानी एवं शीघ्र पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
माड़ मैत्री रथ पहुंचाएगा जागरूकता का संदेश
अभियान के तहत रवाना किए गए “माड़ मैत्री रथ” के माध्यम से जिले के दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद और सामुदायिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। पुलिस का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास के वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करना है।
विभिन्न वर्टिकल्स के माध्यम से चलेंगी जनकल्याणकारी गतिविधियां
“माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत अलग-अलग वर्टिकल्स के माध्यम से सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनमें युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, खेल गतिविधियों के जरिए सकारात्मक दिशा, पर्यावरण पर्यटन को बढ़ावा, ग्रीष्मकालीन शिविरों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, बुनियादी पुलिसिंग की जानकारी, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविर, स्थानीय जनजातीय कला एवं संस्कृति संरक्षण, प्रतिभा खोज कार्यक्रम, मैत्री कैफे के जरिए सामाजिक संवाद, साइबर जागरूकता अभियान तथा करियर परामर्श जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
अतिथियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नारायणपुर पुलिस की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि “माड़ मैत्री” अभियान समाज एवं पुलिस के मध्य विश्वास और सहयोग को मजबूत करेगा तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास और मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष श्री रूप साय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन देवांगन, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया, 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के सेनानी श्री रोशन सिंह असवाल, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के सेनानी श्री राजीव गुप्ता, 18वीं वाहिनी सीएएफ के सेनानी श्री संजय शर्मा सहित मीडिया प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित “माड़ मैत्री” अभियान को सामुदायिक पुलिसिंग एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक पुनर्संयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मॉडल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में जागरूकता, सहभागिता, विश्वास और सकारात्मक परिवर्तन को नई मजबूती प्रदान करेगा।




