बंगलापारा कन्या स्कूल की बेटियों का जलवा, बोर्ड परीक्षा में जिले में लहराया परचम
12वीं में मुस्कान पटेल बनी जिला टॉपर, 10वीं में कोविता कोर्राम ने हासिल किया दूसरा स्थान — कौशल शिक्षा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन

नारायणपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बंगलापारा की छात्राओं ने माशिमं रायपुर बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
कक्षा 12वीं की छात्रा कु. मुस्कान पटेल ने 92.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा कु. कोविता कोर्राम ने 94.0 प्रतिशत अंक के साथ जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कौशल शिक्षा का दिखा प्रभाव
विशेष बात यह रही कि 12वीं की जिला टॉपर मुस्कान पटेल ने टेलीकम्युनिकेशन विषय तथा 10वीं की छात्रा कोविता कोर्राम ने रिटेल विषय का चयन किया था। व्यावसायिक शिक्षा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह सिद्ध कर दिया कि कौशल आधारित शिक्षा भी अकादमिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
व्यावसायिक प्रशिक्षक राघवेंद्र वर्मा एवं मनीष कुमार पाण्डेय ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से ही यह मुकाम हासिल हुआ है।
व्यावसायिक शिक्षा से बढ़ रहा आत्मविश्वास
विद्यालय में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के तहत विद्यार्थियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप का लाभ मिल रहा है, जिससे उनमें व्यावहारिक ज्ञान एवं आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। यही कारण है कि छात्राएं शैक्षणिक और कौशल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को शिक्षा के समग्र विकास की दिशा में सकारात्मक संकेत बताते हुए सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी है।




