नारायणपुर

माढ़ीन नदी पुल पर बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

व्यस्त नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर फिर लापरवाही भारी • 5 यात्री घायल, बस चालक पर नशे में ड्राइविंग का आरोप • खनन वाहनों की आवाजाही से बढ़ रहा जोखिम

नारायणपुर। जिले के सबसे व्यस्त नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक मेल देखने को मिला। माढ़ीन नदी पुल के पास यात्री बस और आयरन ओर लोडिंग के लिए जा रही ट्रक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हादसे में बस में सवार करीब 5 यात्री घायल हुए हैं, हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, बस्तर ट्रेवल्स की बस ओरछा से नारायणपुर की ओर आ रही थी, जबकि आमदई माइंस से जुड़ी ट्रक रायपुर की दिशा से खदान की ओर जा रही थी। बढ़गांव स्थित संकरे माढ़ीन नदी पुल पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, बस चालक रवि तिवारी कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से भागकर सीधे थाने पहुंच गया। घटना से नाराज यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस के परिचालक की पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही छोटे डोंगर एसडीओपी अभिषेक केसरी और थाना प्रभारी हरिशंकर ध्रुव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए छोटे डोंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


खनन वाहनों का दबाव बना खतरे की बड़ी वजह
नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर छोटेडोंगर क्षेत्र में संचालित खदानों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। रोजाना सैकड़ों आयरन ओर लदे ट्रक इस मार्ग से गुजरते हैं, जबकि सड़क की हालत और पुलों की चौड़ाई इस दबाव को झेलने में नाकाफी साबित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से इस मार्ग पर दुर्घटनाएं आम हो गई हैं।


जांच में जुटी पुलिस, जिम्मेदारी तय होगी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि चालक के नशे में होने की पुष्टि होती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page