नारी सम्मान के समर्थन में सड़कों पर उतरे जनप्रतिनिधि
काली पट्टी बांधकर निकाली रैली, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जताया विरोध

नारायणपुर। नगर में नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में सोमवार को जनप्रतिनिधि सड़कों पर उतर आए। नगर पालिका परिषद नारायणपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक पारित नहीं होने पर विरोध दर्ज करते हुए बखरूपारा स्थित अटल परिसर के समीप काली पट्टी बांधकर रैली निकाली। इस दौरान कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
रैली के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी देना है।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश की आधी आबादी को सम्मान और अधिकार दिलाने का सशक्त माध्यम है, लेकिन विपक्षी दलों के रवैये के कारण इसका पारित नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए जल्द से जल्द विधेयक पारित करने की मांग की।
रैली में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, पार्षद संजय नंदी, कमलापति मिश्रा, प्रवीण जैन, हेमंत पात्र, संतोष गोटा, कौशल बघेल, रमशीला नाग, रीता मंडल, नेहा कश्यप, कृति पोटाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा की सदस्याएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर महिला सशक्तिकरण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।




