नारायणपुर

विश्व नवकार दिवस पर नारायणपुर में गूंजा महामंत्र, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक जाप

जिन कुशल वाटिका में भव्य आयोजन, अन्य समाजों की सहभागिता से बढ़ी गरिमा; युवाओं ने संभाली पूरी व्यवस्था

नारायणपुर। विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार देखने को मिला। जीतो के आह्वान पर जैन श्री संघ नारायणपुर द्वारा जिन कुशल वाटिका में नवकार महामंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जैन समाज के सैकड़ों धर्मावलंबियों ने श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति भाव के साथ सहभागिता की।

प्रातः 8:01 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा वातावरण मंत्रोच्चार से गूंज उठा। श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप करते नजर आए। सफेद वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी दिव्य बना दिया, वहीं महिलाओं एवं बच्चों की भागीदारी ने इसे पारिवारिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें अन्य समाजों के बंधुओं एवं गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देते हुए आयोजकों द्वारा अन्य समाज से आए प्रतिनिधियों का महामंत्र लेख स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया, जिसे सभी ने सराहा।

मंच से दिए गए संदेशों में नवकार महामंत्र के महत्व, उसके आध्यात्मिक और वैज्ञानिक पक्षों पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि नवकार महामंत्र न केवल आत्मशुद्धि का मार्ग है, बल्कि यह विश्व शांति और सकारात्मक ऊर्जा का भी आधार है। सामूहिक जाप के दौरान पूरा परिसर भक्ति और शांति के वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर रानूलाल देशलहरा, स्वरूपचंद गोलछा, गुलाबचंद गोलछा, भिखमचंद बाफना, हीरालाल देशलहरा, जुगराज देशलहरा, भंवरलाल गोलछा, पारसमल सुराणा, संतोष सुराणा, धनराज देशलहरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था युवाओं के हाथों में रही, जिन्होंने अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इसमें पवन श्री श्रीमाल, डिंपल देशलहरा, बंटी श्री श्रीमाल, कुशल पारख, प्रवीण गोलछा, विकास गोलछा, हेमन्त भण्डारी, मनोज जैन, ऋषभ देशलहरा, तन्मय देशलहरा आदि की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जैन श्री संघ की ओर से जवरीलाल जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन के पश्चात सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को भी मजबूत करने का संदेश दे गया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page