91 बूथों पर लहराया भाजपा का ध्वज, नारायणपुर में 47वां स्थापना दिवस बना संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन
जिला कार्यालय से अबूझमाड़ तक उत्सव का माहौल, घर-घर फहराया गया पार्टी ध्वज, कार्यकर्ताओं ने दोहराया समर्पण का संकल्प

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर नारायणपुर जिले में संगठनात्मक एकजुटता, उत्साह और समर्पण का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले के लगभग 91 बूथों पर ध्वजारोहण के साथ स्थापना दिवस को धूमधाम और गरिमा के साथ मनाया गया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और जिला मुख्यालय से लेकर दूरस्थ अबूझमाड़ क्षेत्र तक संगठन का उत्सव गूंजता रहा।

स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का आयोजन किया। खास बात यह रही कि कई कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में भी पार्टी का ध्वज फहराकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और गर्व का प्रदर्शन किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष संध्या पवार ने अपने निवास पर ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस की शुरुआत की। इसके बाद वे छोटेडोंगर बूथ पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।

शहर भाजपा मंडल द्वारा जगदीश मंदिर बूथ स्थित धोबी समाज के सामाजिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, इसके पश्चात भारत माता और पार्टी के पितृपुरुषों के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने भाजपा की ऐतिहासिक यात्रा और संगठनात्मक विस्तार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है, जिसकी ताकत उसके समर्पित, अनुशासित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संगीता जैन, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलजीत सिंह आहुजा, पार्षद संजय नंदी, शहर मंडल अध्यक्ष भगवती हलधर एवं वरिष्ठ नेता मंगलचंद जैन ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रवाद और संगठन को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री विंदेश पात्र ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री अनुराग पांडेय ने किया। इस दौरान मंच पर जिला महामंत्री पंकज जैन और वरिष्ठ नेता विश्वनाथ देवांगन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला भाजपा कार्यालय में भी ध्वजारोहण कर स्थापना दिवस मनाया गया। यहां वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित संगठन है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थापना दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेमनाथ उसेंडी के नेतृत्व में ग्राम बेनूर में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्र में भी स्थापना दिवस पूरे जोश के साथ मनाया गया। जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम, जनपद उपाध्यक्ष मंगडू राम नुरेटी, जिला पंचायत सदस्य शांति नेताम और मंडल अध्यक्ष सुखराम पोडियाम सहित कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों और बूथों पर ध्वज फहराया।
पूरे जिले में दिनभर चले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के इस आयोजन ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि नारायणपुर में भाजपा संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय है।
“सेवा, सुशासन और अंत्योदय ही भाजपा की पहचान”
स्थापना दिवस पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो राष्ट्र निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित है।




