रमज़ान में इंसानियत की मिसाल: समाज ने बनाया दिव्यांग परिवार का पक्का घर, चाबी सौंपकर दिया नया जीवन

नारायणपुर। जिले में इंसानियत, सामाजिक समरसता और भाईचारे की एक मार्मिक मिसाल सामने आई है, जहां सरकारी योजनाओं से वंचित एक दिव्यांग परिवार को समाज की पहल से नया आशियाना मिल सका। रमज़ान के पवित्र माह में हुए इस सराहनीय कार्य ने मानवता की सच्ची तस्वीर पेश की है।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर एवं बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग आबिद भाई और उनकी बेवा माता फातिमा बेगम को पक्का मकान प्रदान किया गया। वर्षों से कच्चे और जर्जर मकान में जीवन यापन कर रहे इस परिवार के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं रही।

जानकारी के अनुसार, आबिद भाई ने कई बार कलेक्टर जनदर्शन सहित जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी थी, लेकिन भूमि के दस्तावेजों के अभाव में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। बताया गया कि तत्कालीन कलेक्टर विपिन मांझी ने उनके मकान का निरीक्षण कर सहायता का आश्वासन दिया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका और परिवार की स्थिति जस की तस बनी रही।
ऐसे में अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर की अगुवाई में मुस्लिम समाज के लोगों ने आगे आकर जिम्मेदारी निभाई। आपसी सहयोग से धनराशि एकत्रित कर आबिद खान के लिए नया पक्का घर बनवाया गया, जो समाज की संवेदनशीलता और एकजुटता का प्रतीक बन गया।
18 मार्च को बाद नमाज असर जामा मस्जिद नारायणपुर के इमाम साहब द्वारा फातेहा के साथ मकान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के पदाधिकारी सहित जगदलपुर, कोंडागांव, केशकाल और नारायणपुर से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आबिद भाई को नए घर की चाबी सौंपकर उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार किया गया।
इस मौके पर सामाजिक समरसता की मिसाल तब देखने को मिली, जब नए मकान का उद्घाटन सनातन धर्म के जिला अध्यक्ष नारायण साहू ने फीता काटकर किया। विभिन्न समाजों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जरूरत के समय समाज एकजुट होकर हर वर्ग के लोगों के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, केशकाल के सदर हाजी सलीम मेमन, कोंडागांव के पूर्व सदर हाजी यासीन, उपाध्यक्ष हाजी असलम मंसूरी तथा पूर्व पार्षद श्रीमती प्रमिला प्रधान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी, नारायणपुर के सदर मोहम्मद इमरान खान ने बताया कि समाज के सहयोग से मकान का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए उनकी टीम आगे भी इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिले में अमन-चैन, शांति और भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की गई। अंत में अंजुमन इस्लामिया कमेटी, नारायणपुर और मुस्लिम समाज के सदस्यों ने ऐसे सामाजिक कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।




