भाजपा नेता के फार्म हाउस में 9.50 एकड़ अफीम की खेती का खुलासा, कांग्रेस ने सरकार से पूछे तीखे सवाल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीवान बोले—अफीम की खेती अपराध, बताएं किसके संरक्षण में चल रहा था कारोबार…

नारायणपुर। दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा के एक प्रदेश पदाधिकारी के फार्म हाउस में लगभग 9.50 एकड़ में अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
नारायणपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीवान ने कहा कि अफीम की खेती करना कानूनन अपराध है, ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि भाजपा नेता विनोद ताम्रकर किस बड़े नेता या मंत्री के संरक्षण में अपने फार्म हाउस में इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री, गृह मंत्री तथा दुर्ग विधायक एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से भी जवाब मांगा है कि आखिर इस अवैध खेती को किसका संरक्षण प्राप्त था।
राजेश दीवान ने आरोप लगाया कि जब भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनती है, तब युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे की ओर धकेलने का माहौल तैयार किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान हुक्का बार बंद किए गए थे, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए और अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोलकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार किया गया था।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि भाजपा नेता विनोद ताम्रकर की तस्वीरें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद तोखन साहू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई बड़े नेताओं के साथ सोशल मीडिया में देखी जा सकती हैं। ऐसे में केवल पार्टी से निष्कासन पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि उन्हें किस स्तर पर संरक्षण मिल रहा था।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इतने बड़े स्तर पर अफीम की खेती बिना किसी प्रभावशाली संरक्षण के संभव नहीं है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रवि देवांगन, जिला महामंत्री शेख तौहीद अहमद, संतोष राव, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, प्रमोद नैलवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई अध्यक्ष विजय सलाम, शेख महेमूद, वरिष्ठ कांग्रेसी शिव कुमार पांडेय, मधेश्वर जैन, अल्ताफ खान, सुक्कू सलाम, राकेश केशरिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




