नन्हे सितारों की चमक से जगमगाया वार्षिक उत्सव

आदित्य एकेडमी बालपन प्ले स्कूल में रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नारायणपुर, 28 फरवरी 2026। शहर के बालपन प्ले स्कूल में वार्षिक उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि महाविद्यालय की प्राचार्य रत्ना नसीने उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व पार्षद अनिता कोरोटी एवं सत्यशिला मेश्राम ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रामेश्वरी यादव एवं निकहत परवीन ने प्रभावी ढंग से किया।

नन्हे सितारों ने नृत्य, गीत, नाट्य एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से ट्रैफिक नियमों पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि रत्ना नसीने ने बच्चों द्वारा ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता पर आधारित प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी को नियमों का पालन करने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि अनिता कोरोटी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं सत्यशिला मेश्राम ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी।
विद्यालय के डायरेक्टर नरेंद्र मेश्राम ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि स्कूल में बच्चों को पुस्तक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक शिक्षा, संस्कार और देशभक्ति की सीख भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर बच्चों की पढ़ाई को और सशक्त बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को संस्था की ओर से प्रतीक चिन्ह (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का सफल समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की रिंकी कवाची, नैना जैन, पूजा साहू, मणिका शर्मा, राजेश्वरी पोयम, नीलम कड़ियेआम, यामिनी मंडावी, मधु पाठक, दीपिका, रमशिला, चमेली, ललिता, सरिता, जानकु राम, रतन कुमार एवं मुकेश ठाकुर सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




