77वें गणतंत्र दिवस पर नारायणपुर में भव्य आयोजन, सांसद महेश कश्यप होंगे मुख्य अतिथि

नारायणपुर |
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा। जिला मुख्यालय में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में संपन्न होगा।
प्रातः 9 बजे ध्वज फहराने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9 बजे ध्वज फहराया जाएगा, जिसके साथ ही राष्ट्रगान का सामूहिक गायन होगा। इसके पश्चात प्रातः 9:05 बजे परेड का निरीक्षण एवं हर्ष फायर किया जाएगा। वहीं प्रातः 9:10 बजे परेड का मार्चपास्ट संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री संदेश का वाचन, हर्ष सूचक गुब्बारे छोड़े जाएंगे
समारोह के दौरान प्रातः 9:25 बजे जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। इस अवसर पर हर्ष सूचक गुब्बारे छोड़े जाएंगे, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगे।
शहीद परिवारों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
प्रातः 9:50 बजे परेड का निष्क्रमण होगा। इसके बाद परेड दलों के प्रभारियों से परिचय एवं फोटो सेशन आयोजित किया जाएगा।
प्रातः 10 बजे मुख्य अतिथि द्वारा शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। वहीं प्रातः 10:10 बजे स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
विभागीय झांकियां और पुरस्कार वितरण
प्रातः 10:35 बजे राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विभागीय झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रातः 10:50 बजे मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों, मार्चपास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
11 बजे आभार प्रदर्शन के साथ समापन
समारोह का प्रातः 11 बजे आभार प्रदर्शन के साथ समापन होगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गणतंत्र दिवस को गरिमा, उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाएं।




