नारायणपुर

नियद नेल्लानार क्षेत्र के विकास कार्यों की उप मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

पहुंचविहीन गांवों तक राशन पहुंचाने, योजनाओं को हर व्यक्ति तक ले जाने के निर्देश

नारायणपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह, जेल, पंचायत, ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा तथा वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान नियद नेल्लानार योजना क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने नियद नेल्लानार योजना अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंचों से सीधे संवाद कर गांवों की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


112 गांवों को जोड़ने की योजना, सुरक्षा शिविरों से बदला परिदृश्य

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के नियद नेल्लानार क्षेत्र में 25 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 112 गांव शामिल हैं। क्षेत्र में 35 जन सुविधा सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। अब तक 101 गांवों का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है। सर्वेक्षण के अनुसार क्षेत्र में 4 हजार 115 परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल जनसंख्या 18 हजार 619 है।

उप मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास, जॉब कार्ड और पेंशन योजनाओं की स्थिति की जानकारी सरपंचों से ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।


आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में बताया गया कि जिले में संचालित योजनाओं के अंतर्गत नियद नेल्लानार क्षेत्र में 4 हजार 115 आवासों का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से अब तक 1 हजार 867 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। उप मुख्यमंत्री ने प्रगतिरत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पक्के आवास केवल छत नहीं, बल्कि ग्रामीणों को सुरक्षा और सम्मान का एहसास कराते हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।


नक्सल प्रभावितों के पुनर्वास पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले नक्सल संगठनों से जुड़े थे और अब मुख्यधारा में लौटकर गांवों में रह रहे हैं, उन्हें पुनर्वास योजनाओं से जोड़ते हुए शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने ग्रामीणों से जंगलों की सुरक्षा के लिए भी आगे आने की अपील की और कहा कि सामूहिक रूप से वन संरक्षण कर पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।


सड़क, स्कूल और बिजली को लेकर उठीं मांगें

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा मुरनार से गुडरापारा तक सड़क निर्माण, गोमे में स्कूल भवन, आदेर से लंका, आदेर से भैरमगढ़ तथा ओरछा से कड़ेमेटा तक सड़क निर्माण की मांग रखी गई। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियद नेल्लानार क्षेत्र के सभी गांवों में बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने अबूझमाड़ क्षेत्र के पहुंचविहीन गांवों तक राशन पहुंचाकर वितरण सुनिश्चित करने तथा आगामी महीनों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से राशन वितरण कराने के निर्देश दिए।


शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं की भी समीक्षा

बैठक के दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी, आश्रम छात्रावास, पेयजल, मोबाइल टावर, कृषि सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति नियमित रूप से मॉनिटर की जाए और जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।


नक्सल पीड़ितों को नियुक्ति पत्र, पुनर्वासित माओवादियों को सहायता

बैठक के अंत में उप मुख्यमंत्री एवं वन मंत्री द्वारा जिले के नक्सल पीड़ित परिवारों के पांच सदस्यों को शासकीय सेवा में चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके साथ ही पुनर्वासित 19 माओवादियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 9 लाख 50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।


ये रहे मौजूद

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संचालक अश्वनी देवांगन, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बिरेन्द्र बहादुर पंचभाई सहित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page