नारायणपुर

जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

नारायणपुर। जिला मुख्यालय नारायणपुर एवं अबूझमाड़ क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश मार्ग बखरूपारा चौक से गढ़बेंगाल चौक तक की सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। वर्षों से अत्यधिक खस्ताहाल पड़ी इस सड़क के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों और उड़ती धूल के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं स्थानीय नागरिकों का आवागमन भी बाधित हो रहा है।

इस मार्ग के निर्माण को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के बीच स्पष्ट जिम्मेदारी तय नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। विभागीय मतभेदों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश दीवान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर नम्रता जैन को ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो शासन-प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि चार माह पूर्व भी इसी मांग को लेकर गढ़बेंगाल चौक पर शहर व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा चक्काजाम किया गया था, जिसमें जिलेभर से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही नगरवासियों ने दुकानें बंद कर समर्थन दिया था। उस दौरान अपर कलेक्टर पंचभोई बहादुर ने शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनू नेताम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, जिला कांग्रेस सचिव संजय राय, खेल प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष गुड्डू राव, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, पार्षद विजय सलाम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page