छात्राओं ने सागर मार्ट का किया औद्योगिक भ्रमण, रिटेल क्षेत्र की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू

नारायणपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगलापारा, नारायणपुर की कक्षा 11वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत रिटेल विषय की छात्राओं ने हाल ही में अपने व्यावसायिक पाठ्यक्रम के तहत औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को रिटेल क्षेत्र में क्रय-विक्रय एवं वस्तु प्रबंधन की वास्तविक प्रक्रिया से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने सागर मार्ट सुपर बाजार का अवलोकन किया, जहां उन्हें बाजार संचालन, वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था, गोदाम प्रबंधन और ग्राहक सेवा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस औद्योगिक भ्रमण का संचालन अपग्रेड एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड के रिटेल विषय के व्यावसायिक प्रशिक्षक श्री राघवेंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
सागर मार्ट के संचालक श्री राकेश दोहरे एवं श्री सागर दोहरे ने छात्राओं को खुदरा व्यापार की कार्यप्रणाली, वस्तुओं की श्रेणीकरण प्रक्रिया और सप्लाई चैन की संरचना के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान स्टोर के अन्य सहकर्मियों ने भी छात्राओं को रिटेल सेक्टर से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियाँ दीं।
छात्राओं ने भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताया और सागर मार्ट के स्टाफ का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री ए. के. स्वर्णकार ने कहा कि यह भ्रमण छात्राओं के लिए शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत लाभकारी रहा, जिससे उन्हें रिटेल विषय की वास्तविक समझ और व्यावसायिक क्षेत्र की बारीकियों को जानने का अवसर मिला।




