अबूझमाड़ मुठभेड़ अपडेट- दो नक्सली ढेर- AK-47 सहित भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद

अबूझमाड़ मुठभेड़ अपडेट- दो नक्सली ढेर- AK-47 सहित भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद
नारायणपुर | 22 सितम्बर
जिला नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बल और माओवादियों के बीच सोमवार सुबह से जारी मुठभेड़ में अब तक दो नक्सली ढेर हो चुके हैं। मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 रायफल, अन्य हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, प्रचार-प्रसार की सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएँ बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने बताया कि अबूझमाड़ के महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान चलाया। इसी दौरान सुबह से ही माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच रुक-रुक कर लगातार गोलीबारी होती रही। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने दो माओवादियों को ढेर कर दिया।
बरामद किए गए दोनों शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का मानना है कि मारे गए माओवादी संगठन के सक्रिय कैडर हो सकते हैं, जिनकी पहचान होने के बाद उनके संबंध और आपराधिक गतिविधियों का खुलासा होगा।
मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई ने संभावित घटना को टाल दिया।
एसपी ने बताया कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाके में लगातार अभियान चलाना सुरक्षा बलों के लिए चुनौतीपूर्ण रहता है, लेकिन नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बल लगातार सक्रिय हैं।
फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस का कहना है कि अभियान पूर्ण होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।




