Thursday, July 17, 2025

“डबल रकम” का झांसा देकर 53 लाख की ठगी करने वाला आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार

- Advertisement -spot_img

फर्जी कंपनी ‘रायल पेंटागन ऑक्शन हाउस’ के नाम पर की गई थी धोखाधड़ी, अब तक पाँच आरोपी गिरफ्तार…

नारायणपुर।
नारायणपुर पुलिस ने करोड़ों की ठगी में शामिल एक और आरोपी को कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से धर दबोचा है। आरोपी जमाल इस्लाम फर्जी कंपनी “रायल पेंटागन ऑक्शन हाउस” के नाम पर डबल रकम का झांसा देकर ₹53,01,499/- की धोखाधड़ी के मामले में वांछित था।

इससे पहले भी पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल साइबर ठगी मामले में मुख्य आरोपी किशोर गुहा, अशोक देहारी, मनीष तेलाम और महेश कोरसा को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में नारायणपुर पुलिस की सायबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी को अंजाम दिया।


ऐसे रची गई थी ठगी की साजिश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूपेन्द्र नेगी, निवासी सिंगोड़ी तराई, नारायणपुर, को जून 2022 में कुछ लोगों ने संपर्क कर स्वयं को बेंगलुरु और कोलकाता स्थित कंपनी “रायल पेंटागन ऑक्शन हाउस” का अधिकारी बताया। उन्हें गोल्ड बॉन्ड में निवेश पर डबल रकम मिलने का झांसा दिया गया। विश्वास में लेकर 2022 से फरवरी 2025 के बीच पीड़ित से ₹53 लाख से अधिक की राशि ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित करवा ली गई।

पीड़ित की शिकायत पर थाना नारायणपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


तकनीकी निगरानी से हुआ आरोपी का भंडाफोड़

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता से पहले मुख्य आरोपी किशोर गुहा को रायपुर से, जबकि अशोक देहारी, मनीष तेलाम और महेश कोरसा को गीदम से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में किशोर गुहा ने बताया कि इस ठगी में जमाल इस्लाम कोऑर्डिनेटर की भूमिका में शामिल था, जो पैसे निवेश कराने और डबल रकम दिलवाने की योजना में सक्रिय था।

घटना के बाद से फरार जमाल इस्लाम पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ था। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। नारायणपुर पुलिस की विशेष टीम ने कोलकाता के नॉर्थ 24 परगना जिले के जयपुर पश्चिमपाड़ा इलाके में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।


पूछताछ में अपराध स्वीकार, भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में

पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर गोल्ड बॉन्ड योजना में पैसा डबल करने का झांसा देकर रकम ऐंठने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ थाना नारायणपुर में विधिवत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


गिरफ्तार आरोपी :

🔹 नाम : जमाल इस्लाम
🔹 पिता : सिराजुल इस्लाम
🔹 उम्र : 38 वर्ष
🔹 पता : जयपुर पश्चिमपाड़ा, नॉर्थ 24 परगना, कोलकाता (पश्चिम बंगाल)


प्रकरण विवरण :

🔸 अपराध क्रमांक : 25/2025, थाना नारायणपुर
🔸 धारा : 318(4), 336(3), 338 बीएनएस व 66-D IT ACT


पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया एवं श्री सुशील कुमार नायक के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई में सायबर सेल व थाना नारायणपुर की विशेष भूमिका रही। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

- Advertisement -spot_img
For You
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
Latest news
Live Scores

You cannot copy content of this page