बेटी के पैर के इलाज के लिए मां ने सुशासन तिहार में किया आवेदन

बेटी के पैर के इलाज के लिए मां ने सुशासन तिहार में किया आवेदन, अधिकारियों ने दिलाया मदद का आश्वासन…
कोहकामेटा में आयोजित सुशासन तिहार बना आमजन की समस्याओं का समाधान मंच…

नारायणपुर, 11 अप्रैल 2025:
“सुशासन तिहार 2025” के तहत आम जनता की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित शिविरों में न केवल शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि जरूरतमंदों की व्यक्तिगत समस्याओं पर भी त्वरित संज्ञान लिया जा रहा है।
ऐसा ही एक मार्मिक मामला ग्राम कोहकामेटा से सामने आया है, जहाँ श्रीमती सुनीता नुरेटी ने अपनी 4 वर्षीय बेटी नित्या के मुड़े हुए पैरों के इलाज हेतु समाधान पेटी में आवेदन जमा किया। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है, और वे निजी इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं।
सुनीता नुरेटी की इस अपील पर शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने संजीदगी से संज्ञान लेते हुए शीघ्र इलाज कराने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि बच्ची के इलाज के लिए हरसंभव मदद की जाएगी और उसे शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत लाभ दिलाया जाएगा।
सुशासन तिहार बना उम्मीद की किरण
इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मंच आम जनता की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा है।




