नारायणपुर

15 किलो प्रेशर कुकर आईईडी समेत नक्सलियों का बड़ा जखीरा बरामद

नारायणपुर-आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई, जंगल में छिपाए गए रॉकेट लॉन्चर, मोर्टार राउंड और विस्फोटक सामग्री जब्त; आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित निष्क्रिय किया गया

नारायणपुर। नक्सलमुक्त घोषित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और 53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डम्प बरामद किया गया, जिसमें 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी, देशी रॉकेट लॉन्चर, मोर्टार राउंड सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार मिले। बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट कर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।

पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया तथा 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन में 7 जुलाई को अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा और आसपास के जंगलों में संयुक्त एरिया डॉमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान का पर्यवेक्षण द्वितीय कमान संजय भारद्वाज ने किया, जबकि नेतृत्व सहायक कमांडेंट आजाद सिंह ने संभाला। अभियान में आईटीबीपी के 34 जवान, नारायणपुर पुलिस का एक प्रतिनिधि तथा पांच सदस्यीय बम निरोधक दस्ता शामिल था।

जंगल में छिपाकर रखा था विस्फोटकों का डम्प

सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का डम्प मिला। सबसे खतरनाक 15 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी को बम निरोधक दस्ते ने निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट कर निष्क्रिय किया। इससे संभावित बड़ी घटना टल गई।

यह सामग्री हुई बरामद

– 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी (मौके पर सुरक्षित निष्क्रिय)
– स्थानीय स्तर पर निर्मित रॉकेट लॉन्चर – 1
– देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड – 16
– देशी 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड – 5
– देशी 40×46 मिमी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड – 10
– .303 राइफल के कारतूस – 8
– सामरिक पाउच – 4

अभियान लगातार रहेगा जारी

कार्रवाई के बाद संयुक्त दल सुरक्षित रूप से अड़िंगपार कैंप लौट आया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित एवं नक्सलमुक्त घोषित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page