क्राइमनारायणपुर

शराब दुकान में चोरी करने घुसे दो आरोपी अंदर ही दबोचे

कुंडी तोड़कर दुकान में घुसे थे आरोपी, सुरक्षा गार्ड की आहट पर छिपे; पुलिस ने ₹9,300 नकद और लोहे का स्क्रू-पाना किया बरामद

नारायणपुर। शहर के बखरूपारा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो आरोपियों को नारायणपुर पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान की दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। सुरक्षा गार्ड की आहट मिलते ही दोनों दुकान के भीतर ही छिप गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को वहीं दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹9,300 की नकद राशि और वारदात में प्रयुक्त लोहे का स्क्रू-पाना बरामद किया गया है।

डायल-112 से मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे डायल-112 के माध्यम से बखरूपारा स्थित शराब दुकान में चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति दुकान की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे थे। गार्ड की आहट सुनकर दोनों दुकान के अंदर ही छिप गए थे।

पुलिस टीम ने दुकान की तलाशी लेकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

धार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान कलम सिंह मांडले (50), पिता नवल सिंह, निवासी पीपलदा, थाना गंधवानी, जिला धार (मध्यप्रदेश) और गणपत मोहनीया, पिता रंजीत मोहनीया, निवासी खाखेरिया खौदरा, थाना टांडा, जिला धार (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।

आरोपी कलम सिंह के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का स्क्रू-पाना बरामद किया गया, जबकि गणपत मोहनीया से चोरी की ₹9,300 नकद राशि जब्त की गई। घटनास्थल पर टूटी कुंडी और नकदी की बरामदगी से दोनों की घटना में संलिप्तता की पुष्टि हुई।

चार पुराने चोरी के मामले भी मिले

विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई। जांच में दोनों के खिलाफ चोरी से जुड़े कांकेर जिले में दो, कोंडागांव में एक और धमतरी जिले में एक प्रकरण पूर्व से दर्ज होना पाया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

एसपी के निर्देशन में कार्रवाई

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी विनीत दुबे के नेतृत्व में थाना नारायणपुर पुलिस टीम ने की।

पुलिस की अपील: नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से घर, दुकान और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल-112 पर सूचना देने को कहा है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page